Battery - Part 2 (ओवर इंजीनियरिंग) लघुकथा

गतांक (भाग 1) से आगे...

यही तो हमारे भाग्य की विडंबना है—एक समस्या खत्म नहीं होती कि दूसरी गला पकड़ लेती है। नई अमरॉन बैटरी आ तो गई, पर असली तमाशा तब शुरू हुआ जब मैकेनिक उसे लगाने लगा। उसने गौर किया कि नई बैटरी के पोल्स पुराने वाले से थोड़े पतले थे और टर्मिनल ढीले पड़ रहे थे।

अब कायदे से तो उसे कोई सही जुगाड़ या नया टर्मिनल बताना चाहिए था, पर उसने अपनी 'कारीगरी' दिखाई। एक तार का टुकड़ा लिया, टर्मिनल के बीच फँसाया और ऊपर से हथौड़ी चलानी शुरू की।


चटाक!

हथौड़ी की एक चोट और टर्मिनल के दो टुकड़े! उसने यही हाल निगेटिव टर्मिनल का भी कर दिया था। गाड़ी स्टार्ट तो हो गई, पर मेरा दिल बैठ गया। पुणे की सड़कों के झटके और वाइब्रेशन में वो कभी भी साथ छोड़ सकता था और मैं फिर बीच सड़क पर खड़ा होता।

मैंने सोचा, "चलो ₹100 का तो पार्ट है, खुद बदल लूँगा।" उसे हिदायत दी कि अगली बार बिना नट-बोल्ट ढीले किए हथौड़ी मत चलाना, और मैं निकल पड़ा।

रास्ते में विमान नगर वाले एप्पल स्टोर के पास एक 'बॉश' (Bosch) का गैराज दिखा। सोचा 5 मिनट में काम हो जाएगा। पर उन्होंने देखते ही हाथ खड़े कर दिए—"साहब, ये हम नहीं मँगा सकते, आपको ऑथोराइज्ड सर्विस सेंटर ही जाना होगा।"

मैंने 'उन्नति मोटर्स' के सर्विस एडवाइजर को फोन लगाया और जो जवाब मिला, उसने मेरे पैरों तले जमीन निकाल दी।

मैं: "भैया, बस बैटरी टर्मिनल बदलने हैं, अभी आ जाऊं तो हाथो-हाथ हो जाएगा?" 

वो: "नहीं सर, स्टॉक में नहीं है। XUV5OO की ऐसी चीजें हम ऑर्डर पर ही मँगाते हैं।" 

मैं: "अच्छा, कितना खर्चा आएगा और कब तक होगा?" 

वो: "करीब ₹6,000 और ऊपर से लेबर चार्ज। 50% एडवांस देना होगा और पार्ट आने में एक हफ्ता लगेगा।"

मेरा माथा ठनका। ₹6,000! एक टर्मिनल के लिए? मैंने ट्रैक्टरों और ट्रकों के टर्मिनल ₹100 में बदले हैं! 

मैंने फोन काटा और सीधा विमान नगर के 'यूनिकॉर्न' एप्पल स्टोर पहुँचा। गाड़ी साइड में खड़ी की और गार्ड से पार्किंग का पूछने गया। वापस आकर जैसे ही गाड़ी स्टार्ट की... फिर वही सन्नाटा।

टूटा हुआ टर्मिनल हिल गया था। मुझे एक टैक्सी वाले की मिन्नत करनी पड़ी—वो ड्राइविंग सीट पर बैठकर चाबी घुमाता रहा और मैं बोनट खोलकर हाथ से उस गरम टर्मिनल को अपनी जगह पर दबाकर खड़ा रहा, तब जाकर इंजन ने दहाड़ मारी। 

एप्पल स्टोर सामने था, नया फोन बस दो कदम दूर था, पर मेरा मन खट्टा हो चुका था। मैंने फोन खरीदने का इरादा त्यागा और सीधे घर की तरफ गाड़ी मोड़ ली।

रास्ते में 6 और गैराजों पर रुका, पर सबने वही रटा-रटाया जवाब दिया— "महिंद्रा जाओ।"

घर पहुँचते ही सामने वाले छोटे मैकेनिक से सलाह ली। उसने असली राज खोला। महिंद्रा की 'इंजीनियरिंग' का कमाल देखिए—पॉजिटिव टर्मिनल पूरी वायरिंग के साथ जुड़ा है और निगेटिव वाला एक सेंसर के साथ। और महिंद्रा ये पुर्जे बिना गाड़ी की आरसी (RC) देखे लोकल दुकानों को बेचता भी नहीं है।

मैंने पूरा इंटरनेट छान मारा। यूट्यूब, रेडिट और टीम-बीएचपी (Team-BHP) सब देख लिया। कहीं कोई जानकारी नहीं! ऐसा लग रहा था जैसे पूरी दुनिया में इस मुसीबत को झेलने वाला मैं इकलौता बदनसीब इंसान हूँ। 

क्यों महिंद्रा, क्यों? ऐसी क्या मजबूरी थी कि एक मामूली टर्मिनल के लिए इंसान को ₹6,000 और एक हफ्ते का वक्त कुर्बान करना पड़े?

आखिरकार घंटों 'बूडमो' (Boodmo) और 'oriparts' पर माथापच्ची की। ये साइट्स भी बिना पैसे लिए पार्ट नंबर नहीं दिखातीं। जैसे-तैसे पार्ट ढूँढे और ऑर्डर किए। अब बस इंतज़ार है कि वो आएँ और मैं इस झमेले को खत्म करूँ।

और iPhone 17? सच कहते हैं, जो होता है अच्छे के लिए होता है। मेरे घर से पैदल दूरी पर 'क्रोमा' (Croma) है। मैं वहाँ टहलते हुए चला गया। पता चला कि अगर आप फोन के साथ 2 साल का 'एप्पल केयर+' लेते हैं, तो वो एप्पल स्टोर से भी सस्ता पड़ता है।

तो बस, अब मेरी जेब में iPhone 17 आ चुका है। मुझे अपने 12 मिनी का वो छोटा और प्यारा साइज याद तो आता है, पर फिलहाल मेरी गाड़ी अपने उन ₹6,000 के कीमती टुकड़ों का इंतज़ार कर रही है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Car Negotiation Sheet | नई कार खरीदते समय पैसे कैसे बचाएँ?

5 Practical Guides to Help You Choose the Right Car

Engine Type Suggester: Best Petrol, Diesel, CNG, Hybrid or EV Choice for Your Driving Needs