बैटरी - Part 1 प्रो-राटा वॉरन्टी का झोल (लघुकथा)

 

यह सब हमको मिलकर पागल बना रहे हैं! 

पूरे पाँच साल। मेरा iPhone 12 मिनी और मैं—हम दोनों ने हर उतार-चढ़ाव साथ देखा था। पर इस शनिवार की सुबह कुछ खास थी। आज मैंने तय किया था कि अब खुद को थोड़ा 'अपग्रेड' करने का वक्त आ गया है। आज मुझे अपना नया iPhone 17 खरीदना था। एक छोटा सा इनाम, अपनी मेहनत के नाम।

पुणे की सुबह, सुहाना मौसम और हाथ में नए फोन की खुशी। मैं तैयार होकर नीचे उतरा, अपनी XUV5OO में बैठा और जैसे ही चाबी घुमाई... सन्नाटा।

गाड़ी ने एक हल्की सी कराह तक नहीं ली। न डैशबोर्ड पर लाइट जली, न हॉर्न बजा। ऐसा लगा जैसे गाड़ी गहरी नींद में सो गई है और जागने का नाम ही नहीं ले रही।

"बैटरी मर गई," मैंने बुदबुदाया। दिमाग चकरा गया। अभी 14 घंटे पहले मैं 300 किलोमीटर का सफर तय करके लौटा था। पुरानी 'अमरॉन' बैटरी साढे छह साल चली थी, और ये नई वाली? इसे तो अभी तीन साल भी नहीं हुए थे।

इतने में हमारी सोसाइटी के 'एक्सपर्ट्स' जमा हो गए। वो अंकल जो सुबह की सैर पर निकलते तो हैं सेहत बनाने, पर दूसरों की गाड़ी का बोनट खुलते ही मैकेनिक बन जाते हैं।

"बेटा, पक्का लाइट खुली छोड़ दी होगी रात को," एक अंकल ने ज्ञान दिया।

मैंने जैसे ही बोनट खोला, अंदर का नजारा देखकर दंग रह गया। बैटरी के ऊपर हड्डी का एक टुकड़ा और एक चूहे का कंकाल पड़ा था। हमारे माली काका ने चश्मा ठीक करते हुए ऐलान किया, "साहब, ये नेवले का काम है। उसने प्लस और माइनस को अपने शरीर से जोड़ दिया होगा।"

अब नेवला शहीद हुआ या नहीं, ये तो पता नहीं, पर मेरा iPhone वाला प्लान वहीं शहीद हो गया।

जम्प केबल से गाड़ी स्टार्ट करने का इरादा भी मैंने त्याग दिया क्योंकि मुझे सिर्फ 5 किलोमीटर जाना था और वहाँ फिर गाड़ी स्टार्ट न होती सो बैटरी वाले को बुला लिया!

रविवार बीत गया, सोमवार आ गया। बैटरी वाला बार-बार यही कहता रहा, "साहब, वोल्टेज 11 के ऊपर जा ही नहीं रहा।" मेरा नया फोन अब भी एप्पल स्टोर में मेरा इंतजार कर रहा था और मैं यहाँ बैटरी के वोल्ट गिन रहा था।

गुस्से में मैं एक्साइड (Exide) के डीलर के पास पहुँचा। मेरे पास डिजिटल वारंटी का पर्चा था। मुझे लगा था कि जमाना डिजिटल हो गया है, काम आसान होगा। पर डीलर ने ठंडे स्वर में कहा, "डिजिटल से कुछ नहीं होगा, पक्का बिल (GST Invoice) दिखाओ।"

मैंने मन ही मन सोचा—अगर सब कुछ कागज पर ही करना है, तो तुम्हारी वेबसाइट पर जाकर मैंने डेटा एंट्री ऑपरेटर की तरह अपनी डिटेल्स क्यों रजिस्टर की थीं?

किस्मत से बिल गाड़ी में ही मिल गया। पर असली झटका अभी बाकी था। डीलर ने गणित समझाया कि 24 महीने निकल चुके हैं, तो अब मुझे 'प्रो-राटा' डिस्काउंट मिलेगा।

"5590 की नई बैटरी हैं, 35% प्रो राटा डिस्काउंट, सब काट-पीटकर आपको ₹6,300 देने होंगे, परसों नई बैटरी दूंगा" डीलर बोला।

मैं सन्न रह गया। "भाई साहब, अगर मैं वारंटी भूल जाऊं और बाहर किसी भी दुकान से नई बैटरी लूं, तो वो पुरानी एक्सचेंज करके मुझे ₹5,700 में तुरंत दे रहा है। आपकी वारंटी के चक्कर में मुझे ₹600 ज्यादा क्यों देने पड़ रहे हैं?"

यही है हमारे देश की कंपनियों का मार्केटिंग मायाजाल। हम '48 महीने की वारंटी' के नाम पर एक्स्ट्रा पैसे देते हैं, पर जब जरूरत पड़ती है, तो पता चलता है कि वो वारंटी सिर्फ एक कागज का टुकड़ा है।

मैंने वारंटी का मोह छोड़ा, बाहर से नई 'अमरॉन' खरीदी और अपनी गाड़ी जिंदा की।

अब आप सोच रहे होंगे कि बैटरी लगते ही मैं सीधे मोबाइल स्टोर गया होगा? आखिर तीन दिन का इंतजार जो था। पर जनाब, ये जिंदगी है, कोई फिल्मी स्क्रिप्ट नहीं। किस्मत ने मेरे लिए कुछ और ही लिख रखा था।

कहानी अभी बाकी है...


भाग 2 यहाँ पढ़ें 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Car Negotiation Sheet | नई कार खरीदते समय पैसे कैसे बचाएँ?

5 Practical Guides to Help You Choose the Right Car

Engine Type Suggester: Best Petrol, Diesel, CNG, Hybrid or EV Choice for Your Driving Needs